यास चक्रवाती तूफान गुरुवार की सुबह गहरा निम्न दबाव का क्षेत्र में बदल कर कमजोर हो गया। अति प्रचंड चक्रवाती तूफान बुधवार की देर रात सरायकेला-खरासावां और पश्चिम सिंहभूम जिला के रास्ते उत्तरी झारखंड की ओर अग्रसर हो गया। नौ किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ा तूफान देर शाम निम्न दबाव के क्षेत्र में बदल गया।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि चक्रवाती तूफान सुबह उत्तर पश्चिम जमशेदपुर से 70 किमी और दक्षिण पूर्व रांची से 65 दूर केंद्रित था। जो कमजोर होकर उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ गया। गहरे निम्न दबाव का क्षेत्र बनने से कोल्हान में हवा की गति कमजोर हो गई। तीनों जिले में दिनभर रुक-रुक कर हल्की और मध्यम बारिश होती रही।
मेघगर्जन और तेज हवा चलेंगी
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि अगले 24 घंटे कोल्हान में अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। तीन-चार दिनों में पांच से सात डिग्री सेल्सियस तापमान बढ़ेगा। शुक्रवार से कोल्हान में बादल छंटने से बारिश के आसार कम होंगे। रविवार तक कहीं-कहीं मेघगर्जन/ वज्रपात और तेज हवाएं (30 किमी प्रति/घंटे की गति से) चलने की संभावना है।
चाईबासा में सर्वाधिक बारिश
यास चक्रवाती तूफान के असर से पिछले 24 घंटे में कोल्हान में भारी बारिश हुई। सर्वाधिक बारिश चाईबासा में 207.8 मिमी दर्ज की गई। मांडर में 182.2 मिमी, रांची में 151 मिमी, चक्रधरपुर में 133.6 मिमी, तोरपा में 116 मिमी, कुड़ू 108.4 मिमी, जमशेदपुर 108.1 मिमी, खरसावां में 107 मिमी, नीमडीह में 99.4 मिमी और चांडिल में 82.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड किया गया।
जमशेदपुर में रिकॉर्ड 108.1 मिमी बारिश
जमशेदपुर में मई में 24 घंटे में बारिश का 2017 का रिकॉर्ड टूटा। 27 मई 2017 को 104 मिमी बारिश का रिकॉर्ड था। जो 26 मई 2021 को 108.1 मिमी बारिश से टूट गया।
0 Comments