पीएम की बैठक में देर से आने पर बंगाल के मुख्य सचिव पर गाज, केंद्र ने दिल्ली रिपोर्ट करने को कहा

पीएम की बैठक में देर से आने पर बंगाल के मुख्य सचिव पर गाज, केंद्र ने दिल्ली रिपोर्ट करने को कहा


चक्रवात यास से नुकसान का जायजा लेने पहुंचे पीएम मोदी की बैठक में सीएम ममता करीब आधे घंटे की देरी से पहुंचीं। कुछ देर बैठक में रुकने के बाद ममता कागजात देकर निकल गईं। उस वक्त उनके साथ मुख्य सचिव बंदोपाध्याय भी थे। इसी के बाद केंद्र ने आदेश जारी कर दिया।

चक्रवाती तूफान यास के बाद पश्चिम बंगाल में सियासी तूफान खड़ा हो गया है। चक्रवात के बाद राज्य का दौरा करने पहुंचे पीएम मोदी द्वारा शुक्रवार को कोलकाता में बुलाई गई समीक्षा बैठक में राज्य की सीएम ममता बनर्जी और मुख्य सचिव अलपन बंदोपाध्याय के नदारद रहने के बाद केंद्र सरकार ने मुख्य सचिव बंदोपाध्याय को तत्काल रिलीव करने का आदेश जारी कर दिया है। अलपन को 31 मई तक दिल्ली रिपोर्ट करने का आदेश दिया गया है।

केंद्र सरकार की ओर से शुक्रवार देर शाम जारी आदेश में अलपन बंदोपाध्याय को 31 मई की सुबह 10 बजे से पहले तक दिल्ली में रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है। केंद्र सरकार ने बंगाल सरकार से उन्हें जल्द से जल्द रिलीव करने के लिए भी कहा है। कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) ने बंगाल सरकार को पत्र भेजकर कहा है कि बंदोपाध्याय को कार्यमुक्त करने का आदेश दिया है।

इससे केंद्र और ममता सरकार के बीच नए सिरे से घमासान छिड़ने का संकेत है। केंद्र ने यह कदम ऐसे समय में उठाया है जब शुक्रवार को पीएम मोदी और सीएम ममता बनर्जी की बैठक को लेकर बवाल खड़ा हो गया था। दरअसल चक्रवात यास से हुए नुकसान का जायजा लेने पहुंचे पीएम मोदी की बैठक में सीएम ममता बनर्जी करीब आधे घंटे की देरी से पहुंचीं। कुछ देर बैठक में रुकने के बाद ममता बनर्जी पीएम को कागजात देकर निकल गईं। उस वक्त उनके साथ मुख्य सचिव बंदोपाध्याय भी थे

Post a Comment

0 Comments