चांदपुर थाना क्षेत्र के गोहरारी गांव निवासी राजेन्द्र उर्फ सुद्दी तिवारी सूरत में रहकर मजदूरी करता था। बताया कि पिछले साल लॉकडाउन के दौरान काम छूट जाने पर वह घर वापस आ गया था। मौजूदा समय में वह गाजीपुर क्षेत्र के बड़नपुर चौराहे पर श्याम कुमार के मकान में पत्नी ममता तिवारी व दो बेटों राज तिवारी और दीपक के साथ रह रहा था। वहीं सामने लिए प्लाट में निर्माण भी करा रहा था। पिछले काफी समय से राजेन्द्र घर पर खाली बैठा था जिसका विरोध उसका पत्नी करती थी। जिसे लेकर आए दिन विवाद होता रहता था। सोमवार शाम बड़ा बेटा राज तिवारी अपने मौसा के गांव गया था, वहीं दीपक शहर आया हुआ था।
दीपक शाम को जब घर पहुंचा तो घर के बाहर ममता कंबल में ढंकी हुई पड़ी थी। उसने कंबल हटाया तो मां को लहूलुहान हालत में देख उसकी चीख निकल गई। गले में कई वार थे और वहीं कुल्हाड़ी पड़ी थी। मामले की जानकारी पर अन्य परिजन भी पहुंचे और आरोप लगाया कि राजेन्द्र ने ममता की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी और सारे जेवरात लेकर भाग निकला। मामले की जानकारी पर पुलिस ने पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर हत्यारोपित पति की तलाश की जा रही है।
0 Comments