दिल्ली में जल संकट पर सियासी संग्राम, केजरीवाल के आवास पर भाजपा का 'प्रचंड' प्रदर्शन


भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई ने राजधानी में जल संकट के मुद्दे पर शुक्रवार को यहां सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के पास प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे इन कार्यकर्ताओं को काबू करने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

दिल्ली भाजपा प्रमुख आदेश गुप्ता के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली सरकार के खिलाफ नारे लगाए। गुप्ता, दिल्ली विधानसभा में नेता विपक्ष रामवीर सिंह विधूड़ी और अन्य पहले रिंग रोड के पास चंदगीराम अखाड़े के पास एकत्र हुए तथा फिर फ्लैग स्टाफ मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास की तरफ बढ़े।

भाजपा के एक नेता ने कहा कि पुलिस ने मुख्यमंत्री के आवास से लगभग 500 मीटर की दूरी पर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। गुप्ता ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले सात साल में जल वितरण को लेकर घोषित की गईं योजनाएं अभी तक शुरू भी नहीं हुई हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में जल संकट के लिए दिल्ली सरकार जिम्मेदार है क्योंकि वह टैंकर माफिया से मिली हुई है।

गौरतलब है कि राजधानी में पानी की किल्लत को लेकर दिल्ली सरकार हरियाणा पर आरोप लगाती रही है। दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष राघव चड्ढा ने आरोप लगाया था कि हरियाणा सरकार दिल्ली के लिए निर्धारित पानी की मात्रा से कम पानी छोड़ रही है और इसलिए शहर के कुछ हिस्सों में जल संकट उत्पन्न हो रहा है। 

वहीं, बीते दिनों 'आप' विधायक सौरभ भारद्वाज ने कहा था कि हरियाणा सरकार राजनीतिक कारणों से जानबूझ कर दिल्ली के हक का पानी रोक कर दिल्लीवालों को परेशान कर रही है। भारद्वाज ने भाजपा को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए दिल्ली को पूरा पानी नहीं देने पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता के घर का पानी कनेक्शन काटने की चेतावनी भी दी थी। उन्होंने कहा था कि अब यही एक मात्र तरीका बचा है जिससे इन लोगों को सुधारा जा सकता है।

सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया था कि हरियाणा सरकार ने जानबूझ कर दिल्ली आने वाले पानी को रोक रखा है और प्रतिदिन 100 एमजीडी पानी कम भेजा जा रहा है। भाजपा की इस घटिया राजनीति को सहा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में प्रतिदिन करीब 900 एमजीडी पानी की खपत होती है, लेकिन दिल्ली को 100 एमजीडी (करीब 10 प्रतिशत) कम पानी दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली की कुल आबादी 2 करोड़ मान ली जाए तो इस हिसाब से भाजपा सरकार ने 20 लाख लोगों का पानी रोक रखा है।

Post a Comment

0 Comments