भारत मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार को कहा कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर राजस्थान और उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों में लू की परिस्थितियां बनी रहने की संभावना है। इस तरह, इन स्थानों पर चिलचिलाती गर्मी से अभी कोई राहत नहीं मिलने वाली है।
विभाग ने कहा कि लू और भीषण लू की परिस्थितियां बुधवार को जम्मू-कश्मीर में छिटपुट स्थानों पर दर्ज की गईं। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश, उत्तर पश्चिम राजस्थान और उत्तर पश्चिम मध्य प्रदेश के ज्यादातर स्थानों पर लू की परिस्थितियां दर्ज की गईं। पूरे मैदानी हिस्सों में तापमान पिछले कुछ दिनों में 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, नारनौल में तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबाला में 40.6 डिग्री सेल्सियस, और करनाल में 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के पटियाला में अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस रहा और बठिंडा में 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अमृतसर में 39 डिग्री और लुधियाना में 39.2 डिग्री सेल्सियस रहा। दोनों राज्यों की राजधानी चंडीगढ़ में तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक था। मौसम विभाग के अनुसार दोनों राज्यों में अगले दो दिन में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
जुलाई में सामान्य वर्षा की संभावना
दक्षिण पश्चिम मॉनसून देश के पूरे हिस्से में पहुंच गया है लेकिन हरियाणा, दिल्ली, पंजाब के कुछ हिस्से, पश्चिम राजस्थान और पश्चिम उत्तर प्रदेश अब भी इससे अछूते हैं। विभाग ने बुधवार को कहा था कि इन क्षेत्रों में मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां होने की फिलहाल कम संभावना है। आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि जुलाई के पहले सप्ताह में बारिश अच्छी होने की उम्मीद नहीं है, लेकिन जुलाई के दूसरे सप्ताह के दूसरे भाग में इसके बढ़ने की संभावना है। आईएमडी ने कहा कि पूरे देश में जुलाई 2021 की मासिक वर्षा सामान्य होने की संभावना है।
0 Comments